CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। प्रदेश के कई जिलों में बीते 24 घंटों के दौरान तेज हवाओं, गरज-चमक और वज्रपात के साथ बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कई इलाकों में तेज हवा और मेघगर्जन का असर देखने को मिला।
मौसम विज्ञान विभाग, रायपुर केंद्र के मुताबिक, प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ।
राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 4.0 और 4.7 डिग्री कम रहा। वहीं सुबह 8:30 बजे तक रायपुर में 26 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
इन इलाकों में हुई बारिश
मौसम विभाग के अनुसार कुटरू में 5 सेमी, लाभांडीह में 4 सेमी और रायपुर में 3 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा भटगांव, सरिया और बिलाईगढ़ में 2-2 सेमी वर्षा हुई। वहीं बिलासपुर, मोहला, सारंगढ़, माना-रायपुर, लोरमी, कुनकुरी और बगीचा में 1-1 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
क्यों बदला मौसम?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। वहीं उत्तरी तेलंगाना और आसपास के क्षेत्र में 1.5 किलोमीटर ऊंचाई पर एक और चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसी सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम का असर देखने को मिल रहा है।
अगले 24 घंटे के लिए अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना भी बनी हुई है।
हालांकि विभाग का कहना है कि आज से मेघगर्जन की गतिविधियों में कमी आने लगेगी। इसके बाद अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक क्रमिक बढ़ोतरी होने की संभावना है।




