Raipur Breaking: लंबित मामलों के त्वरित निपटारे के लिए 9 मई 2026 को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही भारत का सर्वोच्च न्यायालय द्वारा ‘समाधान समारोह’ (स्पेशल लोक अदालत) 2026 के आयोजन की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।![]()
जानकारी के अनुसार, यह विशेष लोक अदालत 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को सर्वोच्च न्यायालय परिसर में आयोजित की जाएगी। इसमें सुप्रीम कोर्ट में लंबित उपयुक्त मामलों को आपसी सहमति और सुलह के माध्यम से निपटाया जाएगा।
इस प्रक्रिया के तहत राज्य, जिला, तालुका और उच्च न्यायालय स्तर पर स्थित विधिक सेवा प्राधिकरणों के मध्यस्थता केंद्रों में पूर्व सुलह बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इन बैठकों की शुरुआत 21 अप्रैल 2026 से हो चुकी है, जिसमें पक्षकार शारीरिक और वर्चुअल दोनों माध्यमों से शामिल हो सकते हैं।
समाधान समारोह का मुख्य उद्देश्य आपसी सहमति के जरिए विवादों का शांतिपूर्ण समाधान करना है। अधिवक्ताओं, वादियों और सभी संबंधित पक्षों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है।
जो पक्षकार अपने मामलों को इस विशेष लोक अदालत में शामिल करना चाहते हैं, उन्हें सर्वोच्च न्यायालय की वेबसाइट speciallokadalat2026@sci.in पर उपलब्ध गूगल फॉर्म भरना होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई 2026 निर्धारित की गई है।
अधिक जानकारी के लिए वन स्टॉप सेंटर (वार रूम) 011-2311565652, 011-23116464, और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायपुर से संपर्क किया जा सकता है।


