Post Matric Scholarship CG: पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति सत्र 2025-26 के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया की अंतिम तिथियां घोषित कर दी गई हैं। रायपुर जिले के सभी शासकीय और अशासकीय महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, इंजीनियरिंग, मेडिकल, नर्सिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक और आईटीआई संस्थानों को इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
छात्रवृत्ति की पूरी प्रक्रिया विभागीय वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन संचालित की जा रही है। पात्र अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पंजीयन कर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि समय पर स्वीकृति और भुगतान सुनिश्चित किया जा सके।
18 से 22 अप्रैल तक पूरी करनी होगी प्रक्रिया
जारी निर्देशों के अनुसार संस्थाओं में लंबित प्रस्तावों को लॉक कर सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास रायपुर को भेजने की अंतिम तिथि 18 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। वहीं शासकीय संस्थाओं और जिला कार्यालय द्वारा स्वीकृति आदेश लॉक करने की अंतिम तिथि 20 अप्रैल और भुगतान के लिए राज्य कार्यालय को प्रस्ताव भेजने की अंतिम तिथि 22 अप्रैल 2026 तय की गई है।
जियो-टैगिंग और OTR के साथ आय सीमा भी तय
छात्रवृत्ति के लिए आय सीमा भी निर्धारित की गई है, जिसमें अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लिए 2.50 लाख रुपए और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 1 लाख रुपए वार्षिक है। साथ ही स्थायी जाति प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र और पिछले साल का परीक्षा परिणाम अनिवार्य होगा।
साल 2025-26 से संस्थानों के लिए जियो-टैगिंग और विद्यार्थियों के लिए NSP पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) भी अनिवार्य कर दिया गया है।
प्रशासन के अनुसार आवेदन प्रक्रिया में जियो-टैगिंग, NSP पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) और नई संस्थाओं के लिए बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन अनिवार्य कर दिया गया है। निर्धारित तिथि के बाद http://postmatric-scholarship.cg.nic.in पोर्टल बंद कर दिया जाएगा।

