CG Budget Session 2026: विधानसभा में गूंजा पेपर लीक का मामला, विपक्ष ने उठाए सवाल, मंत्री ने दिया ये जवाब..

CG Budget Session 2026

CG Budget Session 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान 12वीं बोर्ड के हिंदी प्रश्नपत्र लीक होने का मामला सदन में गूंजा। कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने यह मुद्दा उठाते हुए प्रदेश की स्कूली शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश में स्कूली शिक्षा की स्थिति पहले से ही चर्चा में है और अब 12वीं बोर्ड के हिंदी पेपर लीक होने की खबर सामने आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक कर कुछ छात्रों और लोगों को फायदा पहुंचाने की कोशिश की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि सामने आ रही जानकारी के अनुसार केवल हिंदी विषय ही नहीं बल्कि अन्य विषयों के प्रश्नपत्र भी लीक होने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में यह मामला गंभीर जांच का विषय है।

विपक्ष ने की सख्त कार्रवाई की मांग

देवेंद्र यादव ने सरकार और शिक्षा मंत्री से मांग की कि इस मामले में तुरंत FIR दर्ज की जाए और निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही जो भी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और पूरे मामले की सच्चाई जनता के सामने लाई जाए।

मंत्री बोले- प्रदेश में कहीं पेपर लीक नहीं हुआ

वहीं इस मामले पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने पेपर लीक के आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कहीं भी 12वीं का पेपर लीक नहीं हुआ है। मंत्री ने बताया कि एक छात्र संगठन द्वारा आधी रात को कुछ प्रश्नों को जानबूझकर व्हाट्सऐप ग्रुप में वायरल किया गया है। इस मामले की जांच के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि जांच में पेपर लीक या कोई भी दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

CG Budget Session 2026: विधानसभा में गूंजा हॉस्टल में छात्राओं के गर्भवती होने का मामला, स्थगन प्रस्ताव खारिज होने पर विपक्ष का वॉकआउट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *