Jagdalpur Suicide: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर से एक दिल दहला देनेवाला मामला सामने आया है। शहर के NH-30 स्थित इंद्रावती नदी में छलांग लगाने वाले 19 वर्षीय युवक का शव बुधवार सुबह बरामद कर लिया गया। युवक ने सुसाइड से पहले अपनी मां को फोन कर अलविदा कहा और वापस नहीं लौटने की बात कही थी। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान तरुण दास (19) के रूप में हुई है। वह शहर में पदस्थ एक महिला आरक्षक का बेटा था। मंगलवार रात उसने अपनी मां को फोन कर कहीं जाने की बात कही और दोबारा वापस नहीं आने की बात कहकर कॉल काट दिया। बेटे की बात सुनकर घबराई मां ने तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक ने इंद्रावती नदी में छलांग लगा दी है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और नगर सेना की SDRF टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से युवक की चप्पल और मोबाइल फोन बरामद किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने भी पुलिस को बताया कि उन्होंने एक युवक को नदी में कूदते देखा था।
रात अधिक होने और अंधेरा होने के कारण सर्च ऑपरेशन में दिक्कतें आईं, लेकिन पुलिस और SDRF की टीम ने देर रात तक तलाश जारी रखी। बुधवार सुबह दोबारा सर्चिंग अभियान चलाया गया, जिसके बाद युवक का शव नदी से बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सुसाइड का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। बताया जा रहा है कि युवक की मां सीएसपी कार्यालय में पदस्थ है, जबकि उसके पिता भी पुलिस विभाग में सैनिक के पद पर कार्यरत हैं। दोनों कई वर्षों से अलग रह रहे थे। तरुण चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
