Ambikapur Piliya: अंबिकापुर में पीलिया का कहर; 13 वर्षीय बालक समेत 2 की मौत, 60 मरीज मिले, पानी में खतरनाक बैक्टीरिया

Ambikapur Piliya

Ambikapur Piliya: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र में पीलिया का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले 10 दिनों में शहर के अलग-अलग इलाकों से करीब 60 मरीज सामने आए हैं, जबकि 13 वर्षीय बालक सहित दो लोगों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की जांच में प्रभावित क्षेत्रों के पेयजल में खतरनाक ई-कोलाई बैक्टीरिया की पुष्टि हुई है। (अंबिकापुर में पीलिया का कहर)

जानकारी के अनुसार नगर निगम के 48 वार्डों में से 4 वार्ड पीलिया से प्रभावित पाए गए हैं। नवागढ़ और मोमिनपुर इलाके में सबसे अधिक मरीज मिले हैं। पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा कि पीलिया शहर के पश्चिमी और अंतिम छोर तक फैल चुका है तथा सरकार को तत्काल सर्वे कराकर प्रभावी नियंत्रण उपाय करने चाहिए। (Piliya deaths Ambikapur)

ईलाज के दौरान छात्र की मौत, युवक ने भी तोड़ा दम

नमनाकला खटिक पारा निवासी दिव्यांश राय (13), जो निजी स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र था, 19 फरवरी से बीमार चल रहा था। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जांच के दौरान पीलिया की पुष्टि हुई। हालत गंभीर होने पर उसे रायपुर रेफर किया गया, लेकिन परिजन उसे रायपुर नहीं ले जा सके। बाद में निजी अस्पताल ले जाते समय 24 फरवरी को उसकी मौत हो गई।

वहीं जनपद पारा निवासी सोना लाल (40) की भी पीलिया से मौत हो गई। उसकी जांच नवापारा यूपीएचसी में हुई थी, जहां बीमारी की पुष्टि के बाद 22 फरवरी को उसने दम तोड़ दिया। सीएमएचओ डॉ. पीएस मार्को ने दोनों मौतों की पुष्टि करते हुए प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाने की जानकारी दी है।

नवागढ़ इलाके में 60 मरीज (Navagarh Mominpur Piliya Case)

शहर के नवागढ़ और मोमिनपुर क्षेत्र में पीलिया के करीब 60 मरीज मिले हैं। करीब एक महीने से इलाके में मरीज सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने पेयजल की जांच कराई। कुछ सैंपल में ई-कोलाई बैक्टीरिया खतरनाक स्तर पर पाए गए।

घटना के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। 25 फरवरी को कोठीघर से रैली निकालकर नए प्रशासनिक भवन तक पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने बेरिकेडिंग तोड़कर नारेबाजी की।

निरीक्षण पर पहुंची महापौर

इधर महापौर मंजूषा भगत प्रभावित वार्डों के निरीक्षण के लिए पहुंचीं। उन्होंने क्षेत्र में फैली गंदगी पर नाराजगी जताते हुए बताया कि निगम अमला पेयजल सप्लाई लाइन सुधारने में जुटा है। साथ ही उन्होंने पीलिया फैलने के पीछे साजिश की आशंका भी जताई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *