Raipur Ganja Smuggling: रायपुर में 1 करोड़ से ज्यादा का गांजा जब्त: 2 ट्रकों में लोहे के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे तस्कर

Raipur Ganja Smuggling: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 ट्रकों से करीब 700 किलो गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे की कीमत 1 करोड़ रुपए से ज्यादा बताई जा रही है। मामले में 4 तस्करों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई भखारी इलाके में की गई है।

जानकारी के मुताबिक, डीआरआई टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि 2 ट्रकों के जरिए बड़ी मात्रा में गांजा दूसरे राज्य ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद टीम ने पुराने धमतरी रोड पर निगरानी शुरू की। इसी दौरान आंध्र प्रदेश नंबर के दो संदिग्ध ट्रक वहां से गुजरते दिखाई दिए।

टीम ने दोनों ट्रकों को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रकों में लोहे के नीचे छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। शुरुआती जांच में पता चला है कि गांजा आंध्र प्रदेश से लाकर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था।

ऊपर लोहा, नीचे छिपाया था गांजा

तस्करों ने पुलिस और जांच एजेंसियों को चकमा देने के लिए ट्रकों में अलग तरीका अपनाया था। ट्रकों में ऊपर से लोहे का सामान भरा हुआ था, जबकि उसके नीचे बड़ी मात्रा में गांजा छिपाया गया था। बाहर से देखने पर दोनों ट्रक सामान्य मालवाहक वाहन नजर आ रहे थे।

4 तस्कर हिरासत में

डीआरआई ने दोनों ट्रकों को जब्त कर लिया है। हिरासत में लिए गए चारों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और महाराष्ट्र में इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। अधिकारियों को आशंका है कि इस तस्करी के पीछे बड़ा नेटवर्क शामिल हो सकता है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *