CG News: Balrampur: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां आधी रात को गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचे युवक को परिजनों ने पकड़कर बांध दिया और फिर जमकर पीटा। इस दौरान जब प्रेमिका ने अपने प्रेमी को बचाने की कोशिश की तो उसे भी लाठी-डंडों से पीटा गया। पूरा मामला चलगली थाना क्षेत्र के अलका गांव का है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

कैसे हुआ विवाद?
जानकारी के मुताबिक युवती स्थानीय सरपंच लहन सिंह धुर्वे की बहन है। शनिवार रात मुरका निवासी 22 वर्षीय युवक सुभय आयम अपनी प्रेमिका ललिता धुर्वे से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान परिजनों और ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई। इसके बाद सरपंच और उसके परिजनों ने युवक सूरज को पकड़ लिया।

बांधकर की बेरहमी से पिटाई
वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि सुभय आयम के हाथों को रस्सी से बांध दिया गया और शर्ट उतारकर उसे लाठियों से पीटा गया। युवक लगातार “मत मारो-मत मारो” कहकर गुहार लगाता रहा। इसी बीच प्रेमिका भी बीच-बचाव के लिए पहुंची, लेकिन उसे भी परिजनों ने लाठियों से पीटा।
युवक हॉस्पिटल में भर्ती
मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। उसके शरीर पर लाठियों के गहरे निशान बने हुए हैं।

पुलिस जांच में जुटी
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। चलगली थाना प्रभारी बृजलाल सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में लिया गया है। युवक को थाने बुलाकर उसकी शिकायत दर्ज कराई जाएगी। FIR दर्ज होने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
