CG Weather Update: अगले 2 दिनों में बढ़ेगा रात का तापमान, मौसम रहेगा शुष्क

CG Weather Update:

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम फिलहाल पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। सुबह और रात के समय हल्की ठंड का अहसास बना हुआ है, जबकि दिन में तापमान सामान्य से अधिक महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी कुछ दिनों तक प्रदेश में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, हालांकि अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की जा सकती है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी हिस्सों में मौसम शुष्क रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। इस अवधि में प्रदेश का अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 31.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सबसे कम अंबिकापुर में 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

CG Weather Update

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि 55 डिग्री पूर्व और 21 डिग्री उत्तर में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जो 9 फरवरी को उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इसके असर से प्रदेश में अगले दो दिनों के भीतर न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके बाद तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है, लेकिन किसी बड़े परिवर्तन की उम्मीद नहीं है। इस पूरे दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।

रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर की बात करें तो आज सुबह धुंध छाए रहने के आसार हैं। दिन के समय अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि रात में न्यूनतम तापमान लगभग 15 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *