CG Break Dance Accident: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। मंगलवार की रात भटगांव इलाके के मीना बाजार में आयोजित मेले में एक युवक ब्रेक डांस झूले में हादसे का शिकार हो गया। हादसे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक झूले का आनंद ले रहा था, तभी अचानक झूला पलट गया और वह नीचे जा गिरा। घटना के तुरंत बाद युवक को अस्पताल ले जाकर इलाज शुरू किया गया है।

ब्रेक डांस झूला बना खतरा
मेले में लगे ब्रेक डांस झूले में यह हादसा उस समय हुआ जब झूले की रफ्तार अचानक बढ़ गई। झूले के जोरदार झटकों और तेज रफ्तार के कारण युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह झूले से नीचे गिर पड़ा। लोगों ने बताया कि झूले की सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर थी, जिससे बड़ा हादसा टलते-टलते रह गया।
लोगों में दहशत और अफरा-तफरी
हादसे के बाद मीना बाजार में अफरा-तफरी मच गई। कई लोगों ने आरोप लगाया कि आयोजनकर्ताओं की ओर से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। हादसे के बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मेले के आयोजकों से जवाब तलब किया जा रहा है।
