CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में बढ़ेगा तापमान, उत्तरी भाग में बारिश के आसार

CG Weather Update:

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क रहा। इस दौरान रायपुर में अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 9.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार आज 2 फरवरी से उत्तर पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसका असर छत्तीसगढ़ पर भी देखने को मिलेगा। सोमवार से उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में बारिश का दौर शुरू हो सकता है। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में लगातार क्रमिक वृद्धि होने के संकेत हैं।

CG Weather Update

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फरवरी माह में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव राज्य में कई बार देखने को मिलता है। इसके चलते बादल छाने, हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना रहती है। इस बार फरवरी के पहले सप्ताह में लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकते हैं, जिससे मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।

वातावरण में नमी बढ़ने के कारण न्यूनतम और अधिकतम तापमान दोनों में वृद्धि होने की संभावना है। इसका असर यह होगा कि ठंड धीरे-धीरे विदा लेगी और लोगों को गर्म कपड़ों की जरूरत कम महसूस होगी। फरवरी में ठंड की विदाई का असर दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में अधिक देखने को मिलेगा, जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ में ठंड कुछ समय तक बनी रह सकती है।

CG Weather Update:

17 साल पहले बना था तापमान का रिकॉर्ड

रायपुर में 28 फरवरी 2009 को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो फरवरी माह का अब तक का रिकॉर्ड है। इसी तरह पेंड्रा में 27 फरवरी 2006 को 37 डिग्री, जगदलपुर में 20 फरवरी 2006 को 38.7 डिग्री, अंबिकापुर में 25 फरवरी 2006 को 34.8 डिग्री और बिलासपुर में 28 फरवरी 2009 को 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस वर्ष भी तापमान इन आंकड़ों के करीब पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

फिलहाल रायपुर में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 2 डिग्री अधिक बना हुआ है। सुबह के समय हल्की ठंड महसूस हो रही है, लेकिन दिन चढ़ते ही गर्मी का असर बढ़ रहा है। सरगुजा समेत उत्तर छत्तीसगढ़ में ठंड की विदाई में अभी कुछ समय लग सकता है, जबकि मध्य छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में ठंड का प्रभाव लगभग समाप्त होने के आसार हैं।

राजधानी रायपुर में आज सुबह धुंध छाए रहने की संभावना है। अगले 24 घंटों में रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *