Raipur Registry: राजधानी रायपुर के रहवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब जमीन, मकान, प्लॉट या अन्य संपत्तियों की रजिस्ट्री कराने के लिए कलेक्टोरेट के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। बढ़ती भीड़ और नागरिकों की सुविधा को देखते हुए शासन ने रायपुर शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में नए सब-रजिस्ट्री कार्यालय खोलने का फैसला किया है। सड्डू, वीआईपी रोड स्थित बेबीलोन, धरसींवा, बीरगांव, टाटीबंध और कमल विहार में नए सब-रजिस्ट्री दफ्तर खोले जाएंगे।

जानकारी के अनुसार, सड्डू और बेबीलोन स्थित सब-रजिस्ट्री कार्यालयों को नया रायपुर की तर्ज पर हाईटेक बनाया जाएगा। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से अन्य क्षेत्रों में भी यह व्यवस्था लागू की जाएगी। प्रत्येक सब-रजिस्ट्री कार्यालय में एक-एक सब रजिस्ट्रार की पदस्थापना की जाएगी। इससे कलेक्टोरेट स्थित पंजीयन कार्यालय में होने वाली भारी भीड़ में कमी आएगी।
दूसरी ओर, कलेक्टोरेट परिसर में ही 9.16 करोड़ रुपये की लागत से नए पंजीयन कार्यालय भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। इस नई इमारत में तीन डिस्ट्रिक्ट रजिस्ट्रार और आठ सब रजिस्ट्रार बैठेंगे। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नए पंजीयन कार्यालय खुलने के बाद कलेक्टोरेट स्थित कार्यालय पर दबाव कम होने की उम्मीद है।

वर्तमान में कलेक्टोरेट स्थित पंजीयन कार्यालय में पांच सब रजिस्ट्रार पदस्थ हैं। एक सब रजिस्ट्रार प्रतिदिन औसतन करीब 40 रजिस्ट्रियां करता है, जिससे रोजाना 200 से अधिक रजिस्ट्रियां होती हैं। इसके चलते बुजुर्गों, महिलाओं और दूर-दराज से आने वाले लोगों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता है। बैठने की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण गर्मी और बारिश के मौसम में लोगों को काफी परेशानी होती है।
कैमरों की निगरानी में रहेगा नया भवन
नई पंजीयन भवन में सुरक्षा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए हर कमरे और पूरे परिसर को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा जाएगा। इससे पंजीयन प्रक्रिया पर नजर रखने के साथ ही अव्यवस्थाओं पर भी नियंत्रण किया जा सकेगा।
