Bijapur Boat Accident: इंद्रावती नदी में नाव पलटी; मां, दो बच्चे और ससुर के चारों शव बरामद, पिता को अब तक जानकारी नहीं

Bijapur Boat Accident

Bijapur Boat Accident: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में इंद्रावती नदी में नाव (डोंगी) पलटने से हुए दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के चारों सदस्यों के शव बरामद कर लिए गए हैं। यह घटना 21 जनवरी की शाम करीब 5 बजे भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के उसपरी झिल्ली घाट पर हुई थी, जब बाजार से लौटते समय नाव अनियंत्रित होकर पलट गई।

इस हादसे में बोड़गा गांव निवासी मां, उसके दो मासूम बच्चे और ससुर की नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के करीब 18 घंटे बाद रेस्क्यू टीम ने मां और एक बच्चे का शव बरामद किया था, जबकि 48 घंटे बाद दादा और पोते के शव नदी से निकाले गए।

मृतकों में मां पोदिया, उनके बच्चे राकेश और सुनीता कवासी तथा ससुर भादो पिता मद्दा शामिल हैं। पोदिया और बेटे राकेश का शव एक-दूसरे से तौलिये से बंधा हुआ मिला था। वहीं सुनीता कवासी का शव घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर नदी किनारे मिला, जबकि भादो का शव झाड़ियों में फंसा हुआ पाया गया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक बच्चों के पिता और पोदिया के पति सन्नू मजदूरी के लिए आंध्र प्रदेश गए हुए हैं। उनसे अभी तक संपर्क नहीं हो पाया है और उन्हें इस भीषण हादसे की जानकारी भी नहीं दी जा सकी है। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

डोंगी ही एकमात्र सहारा, हर साल होते हैं हादसे

इंद्रावती नदी के इस क्षेत्र में आवागमन का एकमात्र साधन डोंगी है। हर साल खासकर बारिश और बाढ़ के समय यहां इस तरह के हादसे होते रहते हैं, जिनमें अब तक सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है। नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण यहां पुल और बुनियादी सुविधाओं का अभाव लंबे समय से बना हुआ है।

Bijapur Boat Accident: इंद्रावती नदी में नाव पलटी, एक ही परिवार के 4 लोग बहे; मां-बेटी का शव बरामद, पिता-पुत्र की तलाश जारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *