Mungeli Murder: छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले से हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पथरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत गंगद्वारी में घर के भीतर सो रहे एक अधेड़ व्यक्ति की कुल्हाड़ी से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान आजुराम लोधी पिता कलीराम लोधी (52 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, यह वारदात शनिवार तड़के करीब 3 बजे की है। अज्ञात आरोपी घर में घुसा और सो रहे आजुराम लोधी पर कुल्हाड़ी से प्राणघातक हमला कर मौके पर ही उसकी हत्या कर दी। सुबह होते ही घटना की जानकारी गांव में फैल गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पथरिया थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक का अपने सगे भाई दुखितराम से जमीन विवाद को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हत्या पारिवारिक रंजिश का नतीजा है या किसी बाहरी व्यक्ति ने वारदात को अंजाम दिया है। सभी पहलुओं पर जांच जारी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
