Bilaspur Asthi Chori: पत्नी ने चुराई पति की अस्थि? खाली कलश लेकर थाने पहुंचे मासूम भाई-बहन

Bilaspur Asthi Chori: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां 10 वर्षीय मासूम बालक अपनी 7 वर्षीय बहन के साथ हाथ में खाली अस्थि कलश लेकर सिविल लाइन थाना पहुंचा और रोते हुए अपने पिता की अस्थियां चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराने की गुहार लगाई। (Bilaspur Ashes theft case)

बता दें, मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के भारतीय नगर निवासी ठाकरे परिवार से जुड़ा है। मृतक आलोक ठाकरे पेशे से ठेकेदार थे। परिजनों के अनुसार आलोक की पत्नी लंबे समय से अलग रह रही थी। पत्नी के वियोग में आलोक गंभीर रूप से बीमार हो गए और हाल ही में उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद भारतीय नगर स्थित मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। (बिलासपुर अस्थि चोरी मामला)

परिजनों का आरोप है कि अंतिम संस्कार के बाद अचानक आलोक की पत्नी घर पहुंची, जहां परिवार और मोहल्लेवासियों से विवाद हो गया। इसके बाद वह मुक्तिधाम पहुंची और आलोक की अस्थियों को पन्नी में भरकर अपने साथ ले गई। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है।

अपने पिता की अस्थियां चोरी (Bilaspur Pita Ki Asthi Chori) होने से आहत दोनों मासूम बच्चे खाली कलश लेकर सीधे सिविल लाइन थाना पहुंचे और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। बच्चों की हालत देखकर थाने में मौजूद पुलिसकर्मी भी भावुक हो गए।

सिविल लाइन थाना प्रभारी एस.आर. साहू ने बताया कि मृतक की पत्नी और बच्चों दोनों की ओर से आवेदन प्राप्त हुए हैं। पत्नी ने बच्चों को अपने साथ ले जाने की इच्छा जताई है, जबकि बच्चों ने अस्थि चोरी की शिकायत की है। पुलिस द्वारा दोनों पक्षों के आवेदनों की जांच की जा रही है। अस्थियों की चोरी हुई है या नहीं, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *