Gariyaband Viral Video: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के देवभोग थाना क्षेत्र अंतर्गत उरमाल गांव में आयोजित छह दिवसीय ओपेरा कार्यक्रम अब बड़े विवाद में घिर गया है। मनोरंजन के नाम पर हुए इस आयोजन में खुलेआम अश्लीलता, अर्धनग्न नृत्य और नोटों की बारिश का मामला सामने आया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जानकारी के अनुसार इस आयोजन के दौरान मैनपुर SDM स्वयं मौके पर मौजूद थे।

बता दें, आयोजन समिति ने मैनपुर SDM से ओपेरा आयोजन की अनुमति ली थी, लेकिन अनुमति की आड़ में मंच पर अश्लील कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बताया जा रहा है कि 7 जनवरी से ही कार्यक्रम की आड़ में अश्लील नृत्य शुरू हो गया था। ओडिशा से बार डांसर बुलाए गए, जिन्होंने सोशल मीडिया पर भी अश्लील प्रचार किया।
8 जनवरी से भीड़ बढ़ने लगी और 9 जनवरी की रात हालात पूरी तरह बेकाबू हो गए। रात 11 बजे से तड़के 3 बजे तक अर्धनग्न डांस चलता रहा। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पंडाल में मौजूद लोग, जिनमें कुछ अफसर, पुलिसकर्मी और जनप्रतिनिधि भी बताए जा रहे हैं, मंच पर नाच रही महिलाओं पर खुलेआम नोट उड़ाते नजर आ रहे हैं।
वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में
10 जनवरी को आयोजन से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया। देवभोग थाना प्रभारी फैजुल शाह ने बताया कि लिखित शिकायत के आधार पर आयोजक देवेंद्र राजपूत, गोविंद देवांगन, नरेंद्र साहू और हसन डाडा के खिलाफ बीएनएस की धारा 296 (3)(5) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। उसी दिन आयोजन को बंद करवा दिया गया।
