Former Governor Dr. Shekhar Dutt passed away: छत्तीसगढ़ के पूर्व राज्यपाल और पूर्व रक्षा सचिव डॉ. शेखर दत्त का बुधवार को निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली स्थित AIIMS अस्पताल में 80 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई। राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और भूपेश बघेल समेत कई नेताओं ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
राज्यपाल रमेन डेका ने जताया दुख
राज्यपाल रमेन डेका ने शोक संदेश में कहा,
“डॉ. शेखर दत्त जी का निधन अत्यंत दुःखद है। उन्होंने सेना, प्रशासन और राज्यपाल जैसे विभिन्न दायित्वों में रहते हुए सदैव देशहित को प्राथमिकता दी। छत्तीसगढ़ के विकास में उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा।”

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा – ‘देश ने एक प्रबुद्ध और कर्मठ व्यक्तित्व को खोया’
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, “स्वर्गीय शेखर दत्त जी एक कुशल प्रशासक, दूरदर्शी नेता और समर्पित देशसेवक थे। उनका जीवन सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के आदर्श मूल्यों से भरा रहा। उनके निधन से देश ने एक महान व्यक्तित्व को खो दिया है।”

डॉ. रमन सिंह ने कहा – ‘एक मार्गदर्शक को खो दिया’
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा,
“पूर्व रक्षा सचिव और राज्यपाल के रूप में श्री शेखर दत्त जी का योगदान प्रेरणादायक रहा। वे मेरे लिए मार्गदर्शक रहे हैं। उनका निधन राजनीतिक और प्रशासनिक जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।”

भूपेश बघेल ने भी जताया शोक
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लिखा, “डॉ. शेखर दत्त एक सक्षम प्रशासक और संवैधानिक अभिभावक थे। हम सभी उनके योगदान को हमेशा याद रखेंगे। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।”

