Gariyaband News: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। बुधवार शाम ग्राम पीपरछेड़ी के पास एक अनियंत्रित ट्रैक्टर पलट गया, जिससे 40 वर्षीय चालक रूपेश ध्रुव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह खेत की जुताई कर घर लौट रहा था।
खेत से लौटते वक्त हुआ हादसा
मिली जानकारी के मुताबिक, रूपेश ध्रुव गांव के ही टिकेंद्र ध्रुव के ट्रैक्टर से खेत जोतकर वापस लौट रहे थे। रास्ते में नागिन तालाब के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और पलट गया। इस दौरान रूपेश ट्रैक्टर के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीण पहुंचे, लेकिन नहीं बची जान
हादसे के बाद राहगीरों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मृतक का शव बुरी तरह से ट्रैक्टर के नीचे दबा हुआ मिला।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही छुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
