CAF Recruitment: CAF भर्ती को लेकर बवाल, HM हाउस घेरने पहुंचे कैंडिडेट्स और पुलिस के बीच झड़प

CAF Recruitment:

CAF Recruitment: छत्तीसगढ़ आर्म्स फोर्स (CAF) भर्ती को लेकर एक बार फिर माहौल गरमा गया है। वर्ष 2018 में CAF के 1786 पदों पर भर्ती निकाली गई थी, जिसमें लगभग 417 अभ्यर्थी वेटिंग लिस्ट में रह गए थे। सात साल बीत जाने के बावजूद इन कैंडिडेट्स को नौकरी नहीं मिल सकी है, जबकि CAF में वर्तमान में 3 हजार से अधिक पद रिक्त बताए जा रहे हैं।

लंबे समय से इंतजार कर रहे कई कैंडिडेट्स उम्मीद हारकर दूसरे करियर विकल्प तलाश चुके हैं, वहीं कुछ अभ्यर्थी पिछले सात वर्षों से लगातार दफ्तरों और मंत्री आवासों के चक्कर काट रहे हैं। बीते एक महीने से ये अभ्यर्थी अपने परिवार और बच्चों के साथ तूता धरना स्थल पर प्रदर्शन कर रहे हैं।

मंगलवार को चौथी बार अपनी मांगों को लेकर कैंडिडेट्स गृहमंत्री आवास पहुंचे। इस दौरान कैंडिडेट्स और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी नोंक-झोंक हो गई। प्रदर्शनकारियों ने विजय शर्मा से सीधे मुलाकात और चर्चा की मांग को लेकर उनका बंगला घेर लिया।

कैंडिडेट्स का आरोप है कि पुलिस ने महिलाओं और बच्चों के साथ भी जोर-जबरदस्ती की। वहीं, पुलिस ने हालात को काबू में करने के लिए बल प्रयोग करते हुए प्रदर्शनकारियों को वहां से खदेड़ दिया। इस कार्रवाई के बाद विवाद और गहरा गया है।

कैंडिडेट्स का साफ कहना है कि वे गृहमंत्री से मुलाकात किए बिना पीछे नहीं हटेंगे। उनका दावा है कि पहले दो मौकों पर गृहमंत्री से मुलाकात के दौरान उन्हें आश्वासन मिला था, लेकिन तीसरी बार मुलाकात नहीं हो पाई। अब वे अपने भविष्य को लेकर ठोस निर्णय और नियुक्ति की मांग पर अड़े हुए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *