Bijapur Naxal Surrender: 52 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण, 1.41 करोड़ का था इनाम

Bijapur Naxal Surrender

Bijapur Naxal Surrender: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी कामयाबी मिली है। सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई, सरकार की ‘नियद नेल्लानार’ योजना और पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर एक डीवीसीएम (डिवीजनल कमेटी मेंबर) सहित कुल 52 नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। आत्मसमर्पण करने वालों में 21 महिला और 31 पुरुष माओवादी शामिल हैं, जिन पर कुल 1 करोड़ 41 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सरेंडर करने वाले सभी नक्सली फायरिंग, आईईडी ब्लास्ट, आगजनी और अन्य गंभीर नक्सली घटनाओं में सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं। इन नक्सलियों ने सीआरपीएफ और जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में आत्मसमर्पण किया।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वर्ष 2024 से अब तक कुल 824 माओवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं, जबकि 1126 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, विभिन्न मुठभेड़ों में सुरक्षा बलों द्वारा 223 माओवादियों को मार गिराया गया है।

आत्मसमर्पण के बाद सभी नक्सलियों को राज्य सरकार की पुनर्वास नीति के तहत प्रोत्साहन राशि के रूप में 50-50 हजार रुपये नकद प्रदान किए गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सरेंडर करने वाले नक्सलियों के पुनर्वास, रोजगार और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए आगे भी हर संभव सहयोग किया जाएगा, ताकि वे सामान्य जीवन जी सकें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *