Raipur News: रायपुर में भैंस ने बुजुर्ग को उठाकर पटका, CCTV फुटेज वायरल

Raipur News: रायपुर में भैंस ने बुजुर्ग को उठाकर पटका, CCTV फुटेज वायरल

Raipur News: राजधानी रायपुर के फाफाडीह इलाके में भैंस के हमले से एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। दरअसल, बुजुर्ग सड़क पर खड़ी भैंसों को आगे हटाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान एक भैंस ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उन्हें उठाकर सड़क पर पटक दिया। पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि भैंस के हमले के बाद बुजुर्ग सड़क पर गिर जाते हैं और आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़ते हैं। घायल रमेश हेमनानी को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है, हालांकि उन्हें निगरानी में रखा गया है।

घटना के बाद बुजुर्ग के बेटे कमल हेमनानी ने डेयरी संचालक के खिलाफ जोन कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। कमल हेमनानी का कहना है कि संबंधित डेयरी संचालक रोजाना भैंसों को चराने के बाद इलाके में छोड़ देता है, जिससे सड़क पर गंदगी फैलती है और जाम की स्थिति बन जाती है। उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर वह कई बार जोन कार्यालय और स्थानीय पार्षद से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

कमल हेमनानी ने बताया कि शुक्रवार शाम जब उनके पिता भैंसों को सड़क से हटाने का प्रयास कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि डेयरी संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। जोन कार्यालय की ओर से मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी रोष है और उन्होंने आवारा पशुओं की समस्या पर प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *