Balod Accident: 40 फीट ऊंचाई से रेलवे ट्रैक पर गिरे दो बाइक सवार, लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोकी ट्रेन

Balod Accident: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पिकनिक पर जा रहे दो युवक करीब 40 फीट ऊंचे रेलवे अंडरब्रिज से नीचे सीधे रेलवे ट्रैक पर गिर गए। हादसे में दोनों बाइक सवार युवकों के पैर गंभीर रूप से फ्रैक्चर हो गए। यह घटना दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के ग्राम कुसुमकसा के पास जम्ही रेलवे अंडरब्रिज की है।

Balod Accident: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पिकनिक पर जा रहे दो युवक करीब 40 फीट ऊंचे रेलवे अंडरब्रिज से नीचे सीधे रेलवे ट्रैक पर गिर गए। हादसे में दोनों बाइक सवार युवकों के पैर गंभीर रूप से फ्रैक्चर हो गए। यह घटना दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के ग्राम कुसुमकसा के पास जम्ही रेलवे अंडरब्रिज की है।

जानकारी के मुताबिक, घटना 31 दिसंबर की सुबह करीब 7 बजे की है। भिलाई पावर हाउस निवासी चार युवक दो अलग-अलग बाइक पर सवार होकर दल्लीराजहरा पिकनिक मनाने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक अंडरब्रिज के मोड़ पर अनियंत्रित हो गई और दो युवक करीब 40 फीट नीचे रेलवे ट्रैक पर गिर पड़े। एक युवक सीधे पटरी पर गिरा, जबकि दूसरा पास की नाली में पानी के बीच जा गिरा।

उसी समय रेलवे ट्रैक पर आ रही मालगाड़ी के लोको पायलट योगेश देशमुख ने युवकों को गिरते हुए देखा। उन्होंने तत्काल स्थिति को भांपते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। लोको पायलट नीचे पहुंचे तो घायल युवक मदद की गुहार लगाते हुए कह रहे थे कि उनके दोनों पैर टूट गए हैं और उन्हें बाहर निकाला जाए।

लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोकी ट्रेन

लोको पायलट ने तुरंत 112 पर कॉल कर पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। रेलवे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को काफी मशक्कत के बाद ऊपर निकाला गया और एंबुलेंस से बालोद जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।


दल्लीराजहरा थाना प्रभारी संतोष कुमार भुआर्य ने बताया कि हादसे के वक्त कड़ाके की ठंड थी। लंबे सफर और ठंड के कारण युवकों के हाथ-पैर सुन्न हो गए होंगे, जिससे वे अंडरब्रिज के मोड़ पर बाइक नियंत्रित नहीं कर पाए।

घायलों के बयान के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को थाने में सुरक्षित रख लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *