Durg News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के धमधा ब्लॉक के ग्राम चीचा में इन दिनों तालाब की मछलियों की रहस्यमयी मौत ने गांव और प्रशासन दोनों की चिंता बढ़ा दी है। बीते दो दिनों से तालाब में सैकड़ों मरी हुई मछलियां सतह पर तैर रही हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में भयंकर दुर्गंध फैल गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि बदबू के कारण घरों में रहना मुश्किल हो गया है। लोग नाक-मुंह पर कपड़ा बांधकर तालाब के पास से गुजरने को मजबूर हैं। आसपास के घरों में भोजन बनाना तक मुश्किल हो गया है।

तालाब के मालिक बंसी साहू ने बताया कि उन्होंने यह तालाब मछली पालन के लिए एक केवट को ठेके पर दिया था। लेकिन अचानक मछलियों के मरने की घटना ने सबको हैरान कर दिया है। बंसी साहू का कहना है कि हमें समझ नहीं आ रहा कि आखिर मछलियाँ मर क्यों रही हैं, हो सकता है किसी ने तालाब में जहरीला पदार्थ डाल दिया हो या फिर कोई बीमारी फैली हो।
ग्रामीणों ने जताई शंका
गांव के कई लोगों का कहना है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा तालाब में दवा या केमिकल डाला गया होगा। कुछ ग्रामीणों का यह भी मानना है कि यह किसी अज्ञात वायरस या जल प्रदूषण की वजह से भी हो सकता है।
चौकी प्रभारी पर उठे सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि जब उन्होंने इस घटना की सूचना लिटिया चौकी प्रभारी धनेन्द्र पांडे को दी, तो उन्होंने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और आवेदन देने से मना कर दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लिटिया चौकी की लापरवाही फिर सामने आई है न तो मौके पर निरीक्षण किया गया, न ही किसी अधिकारी ने तालाब की स्थिति देखने की ज़रूरत समझी।

ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश दोनों
गांव के लोगों में एक ओर बदबू और बीमारी फैलने का डर है तो दूसरी ओर यह आशंका भी कि कहीं किसी ने जानबूझकर तालाब को प्रदूषित तो नहीं किया। ग्रामीण प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि जल्द से जल्द तालाब की सफाई और पानी की जांच कराई जाए।
