Dhirendra Shastri: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री का छत्तीसगढ़ दौरा विवादों में घिर गया है। बागेश्वर बाबा के रायपुर आगमन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वर्दी पहने TI ने जूते और टोपी उतारकर उनके पैर छूते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस की गरिमा और आचरण को लेकर सवाल उठने लगे हैं। (सरकारी विमान से राजपुर पहुंचे धीरेंद्र शास्त्री)
जानकारी के मुताबिक, पंडित धीरेंद्र शास्त्री छत्तीसगढ़ सरकार के शासकीय विमान से रायपुर पहुंचे थे, जहां से वे भिलाई के लिए रवाना हुए। बताया जा रहा है कि उन्हें लाने के लिए प्रदेश सरकार के एक मंत्री पहले उसी सरकारी विमान से सतना गए और वहां से बाबा को लेकर रायपुर आए। वायरल वीडियो में तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब भी नजर आ रहे हैं।
पहले देखिए इन तस्वीरों को…

दरअसल, भिलाई के जयंती स्टेडियम में 25 दिसंबर से 29 दिसंबर तक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की हनुमंत कथा का आयोजन किया जा रहा है। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वे रायपुर पहुंचे थे।
निजी धार्मिक आयोजन में सरकारी विमान के उपयोग पर सवाल
सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं कि पंडित धीरेंद्र शास्त्री किसी संवैधानिक पद पर नहीं हैं, ऐसे में निजी धार्मिक कार्यक्रम के लिए सरकारी विमान का उपयोग क्या नियमों के अनुरूप है। कई लोगों ने इसे सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग का मामला बताया है।

TI के व्यवहार पर भी विवाद (Raipur TI Viral Video)
स्टेट हैंगर से सामने आए वीडियो में TI द्वारा बाबा के पैर छूने को लेकर भी तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। लोगों का कहना है कि यह आचरण पुलिस सेवा नियमों और गरिमा के खिलाफ है। सोशल मीडिया पर मामले की निष्पक्ष जांच और संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है।

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
सरकारी विमान के इस्तेमाल और वर्दीधारी पुलिसकर्मी के आचरण को लेकर सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। लोग पूछ रहे हैं कि क्या सरकारी पद, वर्दी और संसाधनों का इस्तेमाल इस तरह निजी धार्मिक आयोजनों के लिए किया जाना उचित है। फिलहाल, इस पूरे मामले पर सरकार या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
