Raipur Murder Case Solved: बहन के प्रेम संबंध से नाराज भाई ने शराब पिलाकर की युवक की हत्या, शव जलाकर खेत में फेंका

Raipur Murder: रायपुर में फिर मर्डर, खेत में मिली युवक की जली हुई लाश, पहचान छिपाने की कोशिश

Raipur Murder Case Solved: रायपुर के छपौरा गांव के खेत में मिली अधजली लाश के हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। विधानसभा थाना पुलिस ने प्रेम प्रसंग को हत्या की वजह बताते हुए दो आरोपियों अर्जुन धुर्व और अजित उर्फ हरजित लहरे को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मृतक युवक को पहले शराब पिलाई गई, फिर बेरहमी से उसकी हत्या कर शव को जलाने की कोशिश की गई।

बहन के प्रेम संबंध से थी रंजिश

पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक ललित धीवर का आरोपी अर्जुन धुर्व की बहन के साथ प्रेम संबंध था। इसी बात से नाराज होकर अर्जुन ने अपने साथी अजित के साथ मिलकर ललित की हत्या की साजिश रची। दोनों आरोपियों ने जयंती कार्यक्रम का बहाना बनाकर ललित को खेत में बुलाया, जहां शराब पिलाने के बाद उसकी हत्या कर दी गई।

शिनाख्त छिपाने के लिए जलाया शव

हत्या के बाद आरोपियों ने पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को जलाने की कोशिश की और गांव के बाहर खेत में फेंक दिया। मामला विधानसभा थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की विवेचना जारी है।

 

23 दिसंबर को मिली थी अधजली लाश

गौरतलब है कि 23 दिसंबर को छपौरा गांव के बाहर खेत में एक युवक का जला हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। शव की हालत इतनी खराब थी कि पहचान संभव नहीं हो पाई थी। मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम ने जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस को संदेह था कि हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर जलाया गया है।

अब पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि मृतक की पहचान ललित धीवर के रूप में हुई है, जिसकी उम्र लगभग 30 से 32 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे हत्याकांड से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *