CG Weather Update: छत्तीसगढ़ के उत्तरी इलाकों में जारी कड़ाके की ठंड से लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद आगामी चार दिनों में तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की क्रमिक बढ़ोतरी हो सकती है। इससे अंबिकापुर सहित उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में ठंड की तीव्रता में कमी आएगी।
हालांकि मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में फिलहाल ठंड से राहत के संकेत नहीं हैं। इन क्षेत्रों में अगले चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं जताई गई है। शुक्रवार को अंबिकापुर संभाग के एक-दो स्थानों पर शीत लहर दर्ज की गई थी और आज भी उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ पॉकेट में शीत लहर चलने की आशंका मौसम विभाग ने जताई है।

प्रदेश में शुक्रवार को मौसम शुष्क बना रहा और कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई। तापमान की बात करें तो प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ।
प्रमुख शहरों का तापमान राजधानी रायपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री कम 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक 13.6 डिग्री दर्ज किया गया। माना में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस रहा। बिलासपुर और जगदलपुर का तापमान भी लगभग रायपुर के समान दर्ज किया गया। प्रदेश के किसी भी शहर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं पहुंचा है।

रायपुर में धुंध छाए रहने की संभावना
रायपुर में छाए रहने की संभावना मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रायपुर में आगामी दिनों में धुंध छाए रहने की संभावना है। यहां न्यूनतम तापमान करीब 13 डिग्री और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
