CG Congress: छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की रणनीति तय करने के उद्देश्य से अगले महीने एक बड़ा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस ट्रेनिंग कैंप में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी स्वयं छत्तीसगढ़ के सभी कांग्रेस जिलाध्यक्षों की क्लास लेंगे। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, यह अहम प्रशिक्षण कार्यक्रम जनवरी में बस्तर या सरगुजा संभाग में आयोजित किया जा सकता है। दोनों ही क्षेत्र आदिवासी बहुल होने के साथ-साथ पार्टी के लिए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माने जाते हैं।

ट्रेनिंग कैंप के दौरान जिलाध्यक्षों को संगठनात्मक मजबूती, बूथ मैनेजमेंट, मीडिया हैंडलिंग, सोशल मीडिया कैंपेन और आम जनता से सीधे जुड़ाव जैसे विषयों पर विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। सभी जिलाध्यक्षों को इस शिविर में पूरे समय मौजूद रहना अनिवार्य होगा। केंद्रीय नेतृत्व का शेड्यूल फाइनल होने के बाद पार्टी की ओर से औपचारिक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
कांग्रेस के ये सीनियर लीडर प्रशिक्षण कार्यक्रम में हो सकते है शामिल
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, इस ट्रेनिंग कैंप में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, जयराम रमेश, सुप्रिया श्रीनेत, पवन खेड़ा, शशिकांत सेंथिल, सहित तमाम दिग्गज नेता और एक्सपर्ट शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी को दो दिन शामिल रहने का प्रस्ताव भेजा गया है।

अध्यक्षों से खुद चर्चा करेंगे राहुल गांधी
ट्रेनिंग के दौरान राहुल गांधी जिला अध्यक्षों को न केवल संबोधित करेंगे, बल्कि, जिला अध्यक्षों से वन टू वन बातचीत भी करेंगे। जिला अध्यक्षों से उनके जिले की सामाजिक, राजनीतिक परिस्थितियों, चुनौतियों और भविष्य की रणनीति पर चर्चा कर सकते हैं।
गनमैन, ड्राइवर, पीए को एंट्री नहीं
ट्रेनिंग कैंप में प्रशिक्षण शुरू होने के एक दिन पहले जिलाध्यक्षों को पहुंचना होगा। जिलाध्यक्षों के गनमैन, ड्राइवर, पीए को एंट्री नहीं दी जाएगी।

ट्रेनिंग कैंप में जाने से पहले जिलाध्यक्षों को करनी होगी ये तैयारी
• ट्रेनिंग कैंप में जिलाध्यक्षों को ठंड के मद्देनजर तैयारी पूरी करके जानी होगी।
• जिस भी जिलाध्यक्ष का कोई ट्रीटमेंट चल रहा है या किसी मर्ज की दवा नियमित रूप से लेते हैं तो डॉक्टर का प्रिस्क्रिप्शन के हिसाब से दवा अपने साथ लेकर जानी होगी।
• प्रशिक्षण शिविर के दौरान कसरत और चलने फिरने के लिए आरामदायक और मजबूत जूते साथ लेकर आएं।अपने सामान की पहचान के लिए बैग, सूटकेस पर अपना नाम पता और मोबाइल नंबर जरूर लिखना होगा।
