बलरामपुर | CG : जिले से एक हैरान करने वाला दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां 75 साल के ठिभू केरकेट्टा नामक बुजुर्ग ने अपनी 74 वर्षीय पत्नी महेश्वरी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने बेटी को फोन कर साफ कहा कि उसने उसकी मां को मार डाला है। इस घटना को लेकर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ठिभू खनिज विभाग अंबिकापुर में सर्वेयर के पद से रिटायर हो चुका है। बताया जा रहा है कि वर्ष 2009 में आरोपी ने अपनी पत्नी को एक ड्राइवर के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। इसी बात को लेकर पिछले कई सालों से दोनों के बीच अक्सर विवाद होते रहते थे। परिजनों के मुताबिक, यह झगड़ा धीरे-धीरे रंजिश में बदल गया था और 16 साल बाद यही पुरानी बात हत्या की वजह बन गई।
मंगलवार रात करीब 1 बजे पति-पत्नी के बीच फिर से इसी मुद्दे पर कहासुनी हुई। गुस्से में आकर ठिभू ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और पत्नी के सिर के पास वार कर दिया। इस हमले में महेश्वरी की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के तुरंत बाद आरोपी ने अपनी बेटी अनिता तिर्की को फोन कर कहा कि उसने उसकी मां की हत्या कर दी है।
बेटी ने यह बात तुरंत अपने भाई सुनील को बताई, जो घर से करीब 150 मीटर दूर रहता है। सुनील जब मौके पर पहुंचा तो आरोपी ने खुद ही दरवाजा खोला। कमरे की लाइट जलाने पर उसने देखा कि उसकी मां पलंग के नीचे खून से लथपथ पड़ी थी। उसके सिर के पास कुल्हाड़ी के घाव साफ दिखाई दे रहे थे। कमरे में खून चारों ओर फैला हुआ था।
परिजनों ने आरोपी से पूछा तो उसने बिना झिझक अपना अपराध कबूल कर लिया। सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ में भी आरोपी ने बताया कि 2009 की घटना ने उसके मन में शक और गुस्सा इतना भर दिया था कि वह इसे कभी भूल नहीं पाया। पुलिस अब पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
