Raigarh Accident: रायगढ़ जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है, जहां एक बोलेरो बीच सड़क पर खड़े एक ट्रेलर से जाकर टकरा गई। इस भीषण हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार तीन दिव्यांग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

घटना जूटमिल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोड़ातराई की है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10 बजे तेज रफ्तार बोलेरो वाहन सड़क पर खड़े ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में 44 वर्षीय कौशल मालाकार, बोलेरो वाहन मालिक, और 55 वर्षीय मनोहर नंदा, मुखबधिर स्कूल संचालक की मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि बोलेरो में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें तीन दिव्यांग बच्चे शामिल थे। बच्चों की उम्र 10 से 15 वर्ष के बीच बताई जा रही है। हादसे में घायल सभी लोगों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है। घायल बच्चे बड़गांव, तहसील तमनार, थाना पूंजीपथरा, पोस्ट गेरवानी के निवासी बताए जा रहे हैं।
