CG News: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक बेहद गंभीर घटना सामने आई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सक्ती के जनरल वार्ड में मंगलवार को एक युवक ने कथित तौर पर खुद को आग के हवाले कर लिया। घटना के समय वार्ड में मौजूद मरीजों और परिजनों ने जब युवक को जलते हुए देखा, तो अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही सक्ती थाना प्रभारी लखन पटेल पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। आग लगने से युवक बुरी तरह झुलस गया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल मृतक युवक की पहचान नहीं हो सकी है। साथ ही यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक ने यह कदम क्यों उठाया और इसके पीछे क्या कारण रहे। पुलिस द्वारा अस्पताल प्रबंधन, मौजूद स्टाफ और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
