Bhilai Sex Racket: दुर्ग जिले के भिलाई शहर में हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का मामला सामने आया है। स्मृति नगर थाना पुलिस ने देर रात जुनवानी स्थित होटल क्राउड में दबिश देकर अवैध रूप से देह व्यापार संचालित किए जाने का खुलासा किया है। पुलिस कार्रवाई के दौरान उत्तर प्रदेश के लखनऊ से आई दो युवतियां होटल में मौजूद मिलीं। मामले में होटल मैनेजर के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि होटल क्राउड में बाहर से आई युवतियों के जरिए ग्राहकों को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद स्मृति नगर थाना पुलिस ने टीम गठित कर होटल में रेड की कार्रवाई की।

लखनऊ से फ्लाइट से आई थीं युवतियां
जांच में सामने आया कि दोनों युवतियां उत्तर प्रदेश के लखनऊ की रहने वाली हैं। वे फ्लाइट से रायपुर एयरपोर्ट पहुंचीं और वहां से भिलाई आकर होटल क्राउड में ठहरी थीं। बताया जा रहा है कि इसके बाद वे राजनांदगांव जाने की तैयारी में थीं, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने दबिश देकर उन्हें पकड़ लिया।
रेड के दौरान विवाद और झूमाझटकी
एएसपी एवं पुलिस प्रवक्ता पद्मश्री तंवर ने बताया कि रेड के दौरान जब पुलिस ने होटल मैनेजर से दस्तावेज और ग्राहकों की जानकारी मांगी, तो उसने विवाद शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर मैनेजर के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

वहीं, महिला पुलिस द्वारा युवतियों की तलाशी और पहचान पत्र मांगे जाने पर दोनों युवतियों ने भी बहस की और झूमाझटकी की। इसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
जांच जारी
पुलिस ने होटल के कमरे से संबंधित साक्ष्य जुटाए और होटल मैनेजर सहित दोनों युवतियों को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि होटल में लंबे समय से इस तरह की गतिविधियां चल रही थीं या नहीं और इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
