Bilaspur Fire: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। मित्तल फर्नीचर फैक्ट्री में रखे तारपीन तेल के टैंकर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा फैक्ट्री परिसर धुएं और लपटों से घिर गया। काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में फैक्ट्री में काम कर रहा एक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, घटना के समय एक अन्य मजदूर अभिजित सूर्यवंशी के फैक्ट्री के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे परिजनों और प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मित्तल फर्नीचर फैक्ट्री में लकड़ी की पॉलिश और अन्य कार्यों में उपयोग होने वाले ज्वलनशील तारपीन तेल को संग्रहित करने के लिए एक बड़ा टैंकर बनाया गया था। मंगलवार दोपहर अचानक टैंकर से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
आग की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए कई दमकल वाहनों की मदद से लगातार पानी और फोम का छिड़काव किया जा रहा है। एहतियातन फैक्ट्री परिसर को खाली करा लिया गया है और आसपास की औद्योगिक इकाइयों को भी सतर्क कर दिया गया है, ताकि आग अन्य जगहों तक न फैल सके।

प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। हालांकि शॉर्ट सर्किट या किसी ज्वलनशील पदार्थ के संपर्क में आने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
