छत्तीसगढ़ में अजब-गजब मामला : जिस युवक को मृत मानकर पांच आरोपी भेजे गए जेल, वही जिंदा लौटा थाने

छत्तीसगढ़ में अजब-गजब मामला : जिस युवक को मृत मानकर पांच आरोपी भेजे गए जेल, वही जिंदा लौटा थाने

छत्तीसगढ़ में अजब-गजब मामला : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक अजब-गजब मामला सामने आया है, हत्या के जिस मामले में पांच लोगों को आरोपी बनाकर जेल भेजा गया था, वह पूरा केस पलट गया। मृत घोषित किया गया युवक खुद थाने पहुंच गया। अब पुलिस पूरे मामले की दोबारा जांच में जुट गई है और असली मृतक की पहचान करने की कोशिश तेज कर दी गई है।

जशपुर में मृत युवक जिंदा निकला

दरअसल, जशपुर जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरनानगर-तुरीटोंगरी जंगल में 22 अक्टूबर को एक अधजली लाश मिली थी। पुलिस ने शव की पहचान ग्राम सिटोंगा निवासी सीमित खाखा (30) के रूप में करते हुए हत्या का मामला दर्ज किया था। इस केस में रामजीत राम, विरेंद्र राम, एक विधि से संघर्षरत बालक सहित बाद में फरार आरोपी शीतल मिंज और जीतू राम को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।

परिजनों ने कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष शव की पहचान की थी। वहीं आरोपियों ने न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने हत्या करना स्वीकार किया था। फॉरेंसिक टीम द्वारा सीन ऑफ क्राइम का रिक्रिएशन भी कराया गया था, जिससे मामला पूरी तरह सुलझा हुआ माना जा रहा था। (Jashpur me mrit yuvak Jinda Nikla)

लेकिन शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब मृत घोषित किया गया सीमित खाखा ग्राम पंचायत सिटोंगा की सरपंच कल्पना खलखो के साथ खुद सिटी कोतवाली थाना पहुंच गया। सीमित खाखा ने पुलिस को बताया कि वह मजदूरी के सिलसिले में झारखंड गया था। रांची से अलग होकर वह गिरिडीह जिले के सरईपाली गांव में काम कर रहा था। मोबाइल फोन न होने के कारण वह अपने परिवार से संपर्क नहीं कर पाया।

इस चौंकाने वाले घटनाक्रम के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। एसडीओपी चंद्रशेखर परमा ने बताया कि शव की पहचान और आरोपियों के बयान सहित सभी कानूनी प्रक्रियाएं मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पूरी की गई थीं। सीमित खाखा के जीवित मिलने के बाद अब पूरे प्रकरण की नए सिरे से जांच की जा रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों की रिहाई के लिए वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, वास्तविक मृतक की पहचान के लिए राजपत्रित अधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *