Bilaspur News: शराब के लिए मांगे पैसे, नहीं देने पर सड़क पर पटककर पीटा; Video Viral

Bilaspur News

Bilaspur News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शराब के लिए पैसे नहीं देने पर बदमाशों ने दो युवकों के साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना बुधवार 17 दिसंबर की रात तारबाहर थाना क्षेत्र की है, जहां शराब दुकान के पास युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बदमाश एक युवक को उठाकर बार-बार सड़क पर पटकते नजर आ रहे हैं। इस हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

शराब के लिए पैसे नहीं देने पर विवाद

जानकारी के मुताबिक तालापारा निवासी अजय चौहान (22) अपने दोस्त करण बचकानी के साथ पुराना बस स्टैंड स्थित शराब दुकान गया था। इसी दौरान राहुल बंजारे वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए करण से पैसे मांगने लगा। कुछ ही देर में राहुल के दोस्त अरमान अली, मनोहर विश्वकर्मा, धर्मेंद्र बंजारे और रितेश सोनकर भी मौके पर आ गए और पैसे की मांग करने लगे। करण द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर विवाद शुरू हो गया।

लात-घूंसों से करते रहे पिटाई, 1 युवक गंभीर

इस दौरान युवकों ने गाली-गलौज करते हुए करण की पिटाई कर दी। अजय चौहान बीच-बचाव करने आया, तब उन्होंने उसके साथ भी मारपीट की। बदमाश युवकों ने करण को घेर लिया और दौड़ा-दौड़ाकर उसकी पिटाई करते रहे।

इस दौरान उन्होंने जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसे चलाने लगे। इस हमले में करण बुरी तरह से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस पहुंची तो भाग निकले बदमाश

शराब दुकान के सामने मारपीट की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। वहीं, पुलिस को देखकर हमलावर युवक भाग निकले। पुलिस ने अजय चौहान की रिपोर्ट पर केस दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी। रात में पुलिस ने बदमाशों को पकड़ लिया। इस दौरान पुलिस ने उनकी जमकर खातिरदारी की।

बदमाशों को पुलिस ने सिखाया सबक

देर रात आरोपियों के पकड़े जाने के बाद पुलिस ने उन्हें सबक सिखाया। गुंडागर्दी करने वाले बदमाशों की जमकर पिटाई की गई। जिस पर युवक कहने लगे पुलिस हमारी बाप है। इस दौरान युवक लंगड़ाते भी नजर आए। हालांकि, युवकों ने दौड़ते हुए गिरने पर चोंट लगने की बात कही है।

मारपीट का वीडियो आया सामने

शराब दुकान के पास मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बदमाश युवक मिलकर दो युवकों के साथ मारपीट करते दिख रहे हैं। एक युवक को जमीन पर पटक कर उसके सिर में लात-घूंसे चला रहे हैं। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है।

गिरफ्तार आरोपी

• राहुल बंजारे (20), निवासी रेलवे स्टेशन क्षेत्र, बिलासपुर।

• धर्मेन्द्र कुमार बंजारे (30), निवासी नवागांव, थाना बिल्हा, जिला बिलासपुर।

• रितेश सोनकर (19), निवासी बुधवारी बाजार, थाना तोरवा, बिलासपुर |

• मनोहर विश्वकर्मा (31), निवासी गणेश नगर, चुचुहियापारा, बिलासपुर।

• अरमान अली (20), निवासी गणेश नगर, चुचुहियापारा, बिलासपुर।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *