Raipur News: रायपुर में ढाबे पर जली रोटी को लेकर बवाल, 4 दोस्तों पर लोहे के कड़े से हमला

Raipur News

Raipur News: राजधानी रायपुर के राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र स्थित एक ढाबे में जली रोटी को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। जन्मदिन के मौके पर डिनर करने पहुंचे दोस्तों के समूह पर ढाबे में मौजूद दूसरे टेबल के युवकों ने हमला कर दिया। इस घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

माना क्षेत्र निवासी हरीश गुप्ता ने बताया कि वह अपने दोस्तों दिपेन्द्र गुप्ता, मोहम्मद रासीक, कौशिक तांडी, जी. रमेश और बिट्टू सेन्डे के साथ दोस्त का जन्मदिन मनाने ढाबे पहुंचे थे। खाना परोसने के दौरान वेटर ने जली हुई रोटी दी। इस पर आपत्ति जताने पर वेटर ने कथित तौर पर अभद्र भाषा में जवाब दिया, जिससे विवाद बढ़ गया।

इसी दौरान पास की टेबल पर बैठे 3-4 युवकों में से एक ने प्लास्टिक की कुर्सी उठाकर फेंक दी, जो मोहम्मद रासीक के माथे पर लगी। चोट इतनी गंभीर थी कि उनके सिर से खून बहने लगा। इसके बाद अन्य हमलावरों ने हाथ-मुक्कों, डंडे और लोहे के कड़े से हमला कर दिया। मारपीट में हरीश गुप्ता के हाथ, दिपेन्द्र गुप्ता के चेहरे और सीने तथा कौशिक तांडी के हाथों में चोटें आई हैं।

घटना के बाद ढाबे में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। सभी घायलों ने राजेन्द्र नगर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए जा रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *