CG Fraud: फर्जी सशस्त्र बल का जवान बनकर नौकरी दिलाने का झांसा, लाखों की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

CG Fraud

CG Fraud: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने खुद को छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल का जवान बताकर महिलाओं को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया और उनसे लाखों रुपए ठग लिए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को बिलासपुर से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

आरोपी की पहचान पुन्नी लाल अनंत (27 वर्ष) निवासी ग्राम टाडा दर्रीकापा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। वह जशपुर में किराए के मकान में रहकर खुद को सशस्त्र बल का जवान बताता था और पुलिस की वर्दी पहनकर कलेक्ट्रेट परिसर में खुलेआम घूमता था। यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, 8 दिसंबर 2025 को पीड़िता ने सिटी कोतवाली थाना जशपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 28 अगस्त 2025 को कलेक्ट्रेट परिसर जशपुर में उसकी मुलाकात पुलिस की वर्दी पहने एक युवक से हुई, जिसने अपना नाम पुन्नी लाल अनंत बताया। आरोपी ने अपनी ऊंची पहुंच का दावा करते हुए मत्स्य विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा दिया और 4 लाख रुपए की मांग की। पीड़िता ने उस पर भरोसा कर 2 लाख रुपए दे दिए।

इसके अलावा आरोपी ने पीड़िता की भतीजी को डाटा एंट्री ऑपरेटर की नौकरी दिलाने का लालच देकर उसके शैक्षणिक व व्यक्तिगत दस्तावेज भी अपने पास रख लिए और तीन लाख रुपए की मांग की। बाद में पीड़िता को पता चला कि आरोपी कोई पुलिसकर्मी नहीं है और उसके साथ ठगी की गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिटी कोतवाली जशपुर में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(2) और 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया गया। घटना के बाद से फरार आरोपी की तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे उसके गृह ग्राम बिलासपुर से गिरफ्तार किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर गठित टीम ने आरोपी को जशपुर लाकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से नौकरी दिलाने के नाम पर लिए गए दस्तावेज भी जब्त किए हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *