CG Vidhansabha Winter Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के चौथे दिन सदन में उस वक्त हंगामा मच गया, जब कांग्रेस के सभी विधायक ‘सत्यमेव जयते’ का पोस्टर लेकर विधानसभा पहुंचे। कांग्रेस विधायक नेशनल हेराल्ड प्रकरण में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई का विरोध कर रहे थे। पोस्टर लेकर सदन में प्रवेश करने पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।

हंगामे के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। वहीं सत्ता पक्ष की ओर से अजय चंद्राकर ने इन आरोपों पर कड़ी आपत्ति जताई। विपक्ष ने जांच एजेंसियों के दुरुपयोग को लेकर स्थगन प्रस्ताव रखा, लेकिन आसंदी ने इसे अग्राह्य कर दिया।

स्थगन अस्वीकार होने के बाद सदन का माहौल और गरमा गया। सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक आमने-सामने आ गए और जोरदार नारेबाजी शुरू हो गई। नारे लगाते हुए कांग्रेस विधायक गर्भगृह में पहुंचे। इस दौरान ‘सत्यमेव जयते’, ‘जांच एजेंसियों का दुरुपयोग बंद करो’, ‘भारत माता की जय’ और ‘महात्मा गांधी की जय’ के नारे गूंजते रहे।
