रायपुर | Raipur News: राजधानी से ऑनलाइन जान-पहचान के नाम पर ठगी, ब्लैकमेलिंग और शोषण के गंभीर मामले सामने आए हैं। पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने मैट्रिमोनी साइट के जरिए दोस्ती कर एक महिला आरक्षक से रेप, ब्लैकमेलिंग और लाखों रुपए ऐंठने के आरोप में दिल्ली निवासी एक युवक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने शादी का झांसा देकर महिला आरक्षक से संपर्क बढ़ाया। मोबाइल पर बातचीत के बाद वह रायपुर आया और नजदीकियां बढ़ाईं। इसी दौरान आरोपी ने अंतरंग तस्वीरें ले लीं और बाद में इन्हें वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगने लगा। बताया जा रहा है कि तीन से चार महीनों में आरोपी महिला आरक्षक से करीब चार लाख रुपए वसूल चुका है। लगातार पैसों की मांग से परेशान होकर पीड़िता ने आखिरकार पुलिस से शिकायत की। सीएसपी पुरानी बस्ती के अनुसार पीड़िता विधवा है और आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसे जाल में फंसाया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
वहीं दूसरा मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र से सामने आया है। यहां एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई है कि एक युवक ने उसकी अश्लील तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर गाली-गलौज करते हुए पैसों की मांग की। पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है, हालांकि फिलहाल उसका नाम और पता सामने नहीं आया है। यह शिकायत मूल रूप से धमतरी जिले के मगरलोड थाने में की गई थी, जहां से शून्य में प्रकरण दर्ज कर मामला रायपुर भेजा गया।
टिकरापारा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन दोस्ती, शादी के प्रस्ताव और निजी तस्वीरों को लेकर बेहद सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को जानकारी दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
