Gariyaband News: चौथी शादी की तैयारी में था नगर सैनिक, तीसरी पत्नी ने लगाया गंभीर आरोप; तीनों पत्नियों ने मांगा न्याय

Gariyaband News

Gariyaband News: गरियाबंद से एक चौकाने वाला मामला सामने आया है, जहां जिला कार्यालय में पदस्थ एक नगर सैनिक पर लगातार कई महिलाओं से शादी करने और उनसे मारपीट व धोखे का गंभीर आरोप लगा है। तीसरी पत्नी सुशीला रात्रे ने आरोप लगाया कि पति चौथी शादी की तैयारी कर रहा था, जिसकी जानकारी मिलने पर उसने पुलिस व जिला अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है।

रायपुर की रहने वाली सुशीला रात्रे ने बताया कि नगर सैनिक गोपीराम मिरी ने खुद को कुंवारा बताकर 13 अप्रैल 2023 को सामाजिक रीति-रिवाज से शादी की। शादी के बाद वह लगभग ढाई साल तक सुशीला को गरियाबंद में किराए के मकान में रखकर जीवन-यापन करता रहा।

हाथ-पैर दुपट्टे से बांधकर मुंह पर कपड़ा डाला

सुशीला का कहना है कि 22 सितंबर 2025 को ग्राम बकली में पति गोपीराम और ससुराल पक्ष के दयालू राम, जानकी बाई, कमली बाई ने मिलकर उसके हाथ-पैर दुपट्टे से बांधकर जमीन पर पटक दिया। जानकी बाई ने उसके मुंह पर कपड़ा डालकर दबाया, जिससे वह बेहोश हो गई। होश आने पर उसने तत्काल थाना राजिम में रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन अभी तक उचित कार्रवाई नहीं हुई।

Gariyaband News

चौथी शादी की तैयारी में था नगर सैनिक

तीसरी पत्नी का आरोप है कि गोपीराम चौथी शादी करने की तैयारी में है। वह अभनपुर में आयोजित एक सामाजिक सम्मेलन में अपना बायोडाटा लेकर भी गया था। सुशीला ने चौथी शादी रुकवाने और तीनों पत्नियों को न्याय दिलाने के लिए पुलिस अधीक्षक गरियाबंद, नगर सेना मुख्यालय सहित वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत सौंपी है।

पहली और दूसरी पत्नी को देता था गुजारा भत्ता

बताया जा रहा है कि गोपीराम ने सबसे पहले पटेवा निवासी पायल सोनवानी से शादी की थी, जिससे उसकी एक 8 वर्षीय बेटी भी है। घरेलू विवाद के चलते कोर्ट के आदेश पर पहली पत्नी को तलाक मिला और गोपीराम हर महीने 5000 रुपए गुजारा भत्ता देता है।

दूसरी शादी 20 जनवरी 2021 को पचेरा निवासी बिना बाई धृतलहरे से की गई। महिला का आरोप है कि शादी के एक महीने बाद ही मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया।

इसके बाद गोपीराम ने सुशीला रात्रे से तीसरी शादी की और अब चौथी शादी की तैयारी में था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *