Dhamtari E-rickshaw Accident: धमतरी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रुद्री रोड जैन सुपर बाजार के सामने गुरुवार को एक ई-रिक्शा के अनियंत्रित होकर पलट गई । जिससे ई-रिक्शा में सवार पांच स्कूली बच्चे घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, ई-रिक्शा चालक टिकरापारा और अंबेडकर चौक से स्कूली बच्चों को लेकर गोकुलपुर सरकारी स्कूल जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चालक नशे की हालत में था। रास्ते में साइकिल सवार दूसरे स्कूली बच्चों को बचाने के दौरान उसने रिक्शा पर नियंत्रण खो दिया, जिससे ई-रिक्शा पलट गई।
हादसे में 5 बच्चों को चोटें आई हैं। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल और एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल सभी बच्चों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
