Ambikapur News: अंबिकापुर शहर में बदमाशों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। सोमवार की रात खरसिया चौक स्थित एक बिरयानी दुकान के बाहर 27 वर्षीय युवक पर छह से अधिक युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी युवकों ने पहले मारपीट की और फिर चाकू से सिर में वार कर युवक को लहूलूहान कर दिया। घायल युवक को गंभीर स्थिति में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार दर्रीपारा निवासी आदर्श साहू रात करीब साढ़े 9 बजे बिरयानी लेने खरसिया चौक स्थित जमजम बिरयानी सेंटर पहुंचा था। तभी मौके पर पहुंचे छह से अधिक युवकों ने उसे घेर लिया। सभी ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक युवक ने चाकू निकालकर आदर्श के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घायल होने के बाद भी उसकी पिटाई की।
हमले के तुरंत बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घायल आदर्श को बाइक के जरिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मंगलवार को कोतवाली थाना पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह हमला पुराने विवाद को लेकर किया गया है। बताया जा रहा है कि हमला मोमिनपुरा के युवकों ने मिलकर किया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
देखिए वीडियो –
