Dongargarh News: डोंगरगढ़ के खालसा पब्लिक स्कूल में सातवीं कक्षा के छात्र के साथ शिक्षिका द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। किताब निकालने में कुछ सेकंड की देरी पर शिक्षिका प्रियंका सिंह ने 13 वर्षीय छात्र सार्थक सहारे के कान मरोड़ दिए और कनपटियों पर जोरदार थप्पड़ जड़ दिए। घटना के बाद बच्चा घर लौटा तो दर्द और भय से कांप रहा था। उसने इशारों में माता-पिता को बताया कि उसे सुनाई देना बंद हो गया है।
शिक्षिका ने कनपटी पर मारी जोरदार थप्पड़
परिजन बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ENT विशेषज्ञों ने बताया कि बच्चे के कान की नसों पर जोरदार चोट है, जो सीधे-सीधे थप्पड़ों का परिणाम है। इसके बावजूद स्कूल प्रबंधन परिजनों के अनुसार मामले को दबाने की कोशिश करता रहा। FIR न करने के लिए दबाव बनाया गया और इलाज का खर्च वहन करने का आश्वासन देकर बाद में मुकरने का भी आरोप लगा है।

बच्चे की हालत गंभीर होने पर परिजनों ने पुलिस से शिकायत की। जांच के दौरान डॉक्टरों की समिति की रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि चोटें मारपीट से हुई हैं। रिपोर्ट के आधार पर डोंगरगढ़ पुलिस ने शिक्षिकाओं प्रियंका सिंह और नम्रता साहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
SDOP आशीष कुंजाम ने बताया कि घटना जुलाई में हुई थी, लेकिन मेडिकल रिपोर्ट स्पष्ट रूप से बच्चे के कान की नसों को हुए नुकसान को मारपीट से जोड़ती है। अब मामले की विस्तृत जांच जारी है।
