CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। बीते दो दिनों की मामूली राहत के बाद सरगुजा संभाग में ठंड का असर तेज हो गया है। बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए बलरामपुर कलेक्टर ने आज (6 जनवरी) जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। यह आदेश शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त सभी विद्यालयों पर लागू होगा।
हालांकि, कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों की प्रैक्टिकल परीक्षाएं पहले से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होंगी। शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों को विद्यालयों में नियत समय पर उपस्थित रहना अनिवार्य होगा।

कड़ाके की ठंड से कंपकंपाए लोग
अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। वहीं पेंड्रा में तापमान 6.8 डिग्री तक पहुंच गया। सुबह और शाम के समय लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। कई क्षेत्रों में कोहरे की वजह से दृश्यता भी काफी कम हो गई है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि अगले तीन दिनों तक उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में शीतलहर चल सकती है। सरगुजा, कोरिया, बलरामपुर और पेंड्रा क्षेत्र में एक-दो जगहों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 4.8 डिग्री अंबिकापुर में दर्ज किया गया।
CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में सर्दी का सितम जारी, अगले 3 दिनों में 3 डिग्री तक गिरेगा तापमान
