Janjgir Champa Accident: जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक और युवती को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक का सिर ट्रक के पहिए के नीचे आने से बुरी तरह कुचल गया और उसकी मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल युवती का इलाज जारी है। यह हादसा 13 नवंबर की शाम हुआ था, जिसका लाइव वीडियो भी सामने आया है।

कैसे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, 22 वर्षीय निकेश टंडन (Nikesh Tandon death Akaltara truck accident) अपनी बाइक से युवती के साथ कहीं जा रहा था। ग्राम खिसोरा के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े और ट्रक निकेश के सिर के ऊपर से गुजर गया। ड्राइवर मौके से ट्रक लेकर भाग निकला।
स्थानीय लोग तुरंत दोनों को अकलतरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान निकेश ने दम तोड़ दिया।

परिजनों ने सड़क पर रखा शव, किया चक्काजाम
अगले दिन सुबह निकेश की मौत से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। उन्होंने 20 लाख रुपए मुआवजा और क्षेत्र में भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री लागू करने की मांग की। प्रदर्शन कई घंटों तक जारी रहा।

मुआवजा मिलने पर खत्म हुआ आंदोलन
सूचना पर राजस्व अधिकारी और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। समझाइश के बाद मृतक के परिवार को कुल 4 लाख रुपए की सहायता राशि दी गई—जिसमें ट्रक मालिक की ओर से 3.75 लाख और प्रशासन की ओर से 25 हजार रुपए शामिल हैं। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया। पुलिस अब फरार ट्रक ड्राइवर की तलाश कर रही है।
