Bhilai News: 9वीं के छात्र ने दूसरे छात्र पर किया कटर से हमला, 28 टांके लगे; परिजनों ने स्कूल में किया हंगामा

Bhilai News

Bhilai News: भिलाई नगर के सेक्टर-7 स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल में सोमवार को 9वीं कक्षा के दो छात्रों के बीच हुआ मामूली विवाद बड़ा रूप ले लिया। स्कूल छुट्टी के समय एक छात्र ने अपने ही क्लासमेट पर कटर से हमला कर दिया। हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके पीठ और कंधे पर गहरे घाव आए हैं, जिन पर लगभग 28 टांके लगाए गए।

परिजन बोले नहीं बुलाया एम्बुलेंस, न समय पर मदद

घटना के बाद घायल छात्र को प्राथमिक उपचार दिया गया और परिजन उसे जिला अस्पताल दुर्ग लेकर गए। वहीं परिजनों ने स्कूल पहुंचकर हंगामा किया और आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन ने न तो समय पर एम्बुलेंस बुलाई और न ही पुलिस को तुरंत सूचना दी। साथ ही उनके अनुसार स्कूल प्रशासन ने आरोपी छात्र को बचाने और मामले को दबाने की कोशिश की।

शिक्षकों ने दी सफाई, कहा- आरोप बेबुनियाद

प्रभारी प्राचार्य एस.एम. जोसफ ने इन आरोपों से इनकार किया। उनके अनुसार, घटना की जानकारी मिलते ही सबसे पहले घायल छात्र के परिजनों को सूचना दी गई। इसके बाद डायल-112 और एम्बुलेंस को कॉल किया गया। चूंकि घायल छात्र का घर स्कूल के पास ही था, इसलिए परिजन ज्यादा जल्दी पहुंच गए और स्वयं उसे अस्पताल लेकर चले गए।

इस दौरान लगभग 25 से 30 महिलाएं स्कूल में पहुंचकर आरोपी छात्र को बाहर लाने की मांग करने लगीं। स्थिति तनावपूर्ण होने पर शिक्षकों ने आरोपी छात्र को पुलिस आने तक एक कमरे में सुरक्षित रखा। फिलहाल मामला भिलाई नगर थाना पुलिस के संज्ञान में है और आगे की जांच जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *