Bike Racing Raipur: राजधानी रायपुर में 8 और 9 नवंबर को नेशनल सुपरक्रॉस बाइक रेसिंग चैम्पियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता बूढ़ापारा स्थित आउटडोर स्टेडियम में आयोजित होगी, जिसे छत्तीसगढ़ मोटरस्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित किया जा रहा है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष उज्ज्वल दीपक ने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 115 प्रोफेशनल राइडर्स इस आयोजन में हिस्सा लेने आ रहे हैं। वहीं छत्तीसगढ़ से भी करीब 50 राइडर्स ने पाटन स्थित ट्रैक पर तैयारी की है, जिनमें से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों का चयन इस प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। (National Supercross Championship Raipur)

इस आयोजन की थीम “सेफ रेसिंग-सेफ राइडिंग-सेफ ड्राइविंग” (Safe Racing-Safe Riding-Safe Driving) रखी गई है, ताकि युवाओं और प्रतिभागियों को सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया जा सके। एसोसिएशन के महासचिव अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि स्टेडियम में राइडर्स के लिए विशेष तरह का जंपिंग ट्रैक तैयार किया गया है, जिसकी ऊंचाई 3 से 5 फीट तक है। इसके अलावा फ्री स्टाइल मोटोक्रॉस प्रदर्शन के लिए 13 फीट ऊंचा विशेष हर्डल ट्रैक भी बनाया जा रहा है।

इस प्रतियोगिता की खास बात यह है कि 10 साल से कम उम्र के प्रतिभाशाली बच्चे भी हिस्सा लेंगे। सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए उनकी जांच के बाद उन्हें प्रदर्शन की अनुमति दी जाएगी। देश की सबसे कम उम्र की राइडर रही ऐलिना मंसूर भी इस कार्यक्रम में भाग लेने आ रही हैं, जिन्होंने 9 वर्ष की उम्र में नेशनल स्तर पर अपनी पहचान बनाई थी। वर्तमान में वह 14 वर्ष की हैं।(Bike Racing Raipur)
इसके अलावा यामहा, टीवीएस और होंडा जैसी नामी कंपनियों की रेसिंग टीम भी इस चैम्पियनशिप में शामिल होंगी। एसोसिएशन ने बताया कि प्रतियोगिता पूरी तरह नेशनल सुपरक्रॉस नियमावली के तहत और सुरक्षा मानकों के अनुरूप आयोजित की जाएगी।
