Dhamtari collectorate News: कलेक्ट्रेट के बाहर मिट्टी तेल डालकर आत्मदाह की कोशिश, जमीन विवाद से परेशान था युवक

Dhamtari collectorate News

Dhamtari collectorate News: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुश्तैनी जमीन विवाद से परेशान एक युवक ने कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर मिट्टी तेल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। समय रहते मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया और आत्मदाह की कोशिश को नाकाम कर दिया। बाद में उसे रुद्री थाना ले जाया गया।

जानकारी के अनुसार, युवक का नाम देवेंद्र कुमार साहू है, जो भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर का निवासी है। बताया जा रहा है कि वह पुश्तैनी जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद में उलझा हुआ है। देवेंद्र अपने आवेदन के साथ मंगलवार को कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचा था ताकि उसका मामला सुलझ सके।

पहले देखिए इन तस्वीरों को…

हालांकि, कार्रवाई में देरी और बार-बार शिकायत के बावजूद कोई समाधान न निकलने से वह निराश था। इसी कारण उसने कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर अपने ऊपर केरोसिन डालकर खुद को आग लगाने की कोशिश की।

 

सुरक्षाकर्मियों ने देखा कि युवक अपने कपड़ों पर केरोसिन उड़ेल रहा है। तुरंत मौके पर पहुंचकर उन्होंने उसके हाथ से केरोसिन का डिब्बा छीन लिया और उसे पकड़कर थाने ले गए।

पीड़ित युवक देवेंद्र साहू का आरोप है कि पिता की मृत्यु के बाद गांव के कोटवार ने जमीन से जुड़े दस्तावेजों में गड़बड़ी कर दी है, जिससे वह अपनी ही पुश्तैनी संपत्ति से वंचित हो गया है। फिलहाल यह मामला न्यायालय में लंबित है। पुलिस ने युवक को शांत कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *