रायगढ़ बकरी चोरी: जीजा-साले ने मिलकर चुराई दो बकरियां, कोचिया के पास सात हजार रुपये में बेचा…

Raigarh Goat Theft: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां जीजा और साले ने मिलकर एक ग्रामीण के घर का ताला तोड़कर दो बकरियों की चोरी की और उन्हें महज 7 हजार रुपये में बेच दिया। घटना धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पटकुरा लखनपुर की है।

 

मिली जानकारी के अनुसार, 1 मार्च की रात करीब 2 बजे गांव के संतराम मंझवार के घर का ताला तोड़कर दो लोगों ने दो बकरियों की चोरी कर ली। सुबह जब संतराम को इस घटना की जानकारी मिली तो उसने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। इस दौरान उसे पता चला कि इस चोरी को नकना निवासी रतनलाल और उसका साला रामसुंदर, निवासी बिनिया, ने अंजाम दिया है।

 

आरोपियों ने बकरियों को खम्हार गांव में एक कोचिया के पास 7 हजार रुपये में बेच दिया। जब संतराम ने गांववालों के साथ मिलकर दोनों आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की, तो उन्होंने चोरी की बात कबूल ली।

 

रतनलाल ने बताया कि उसने बकरियां एक कोचिया को बेची हैं, लेकिन कोचिया का नाम नहीं जानता। हालांकि, उसने यह भी कहा कि वह उसे देखकर पहचान लेगा। इतना ही नहीं, बकरियां बेचते समय उसने कोचिया को यह भी बताया था कि ये बकरियां चोरी की हैं।

 

संतराम मंझवार ने इस मामले की सूचना डायल 112 को दे दी है। गांववालों ने दोनों आरोपियों को बंधक बनाकर पुलिस के हवाले कर दिया है। पीड़ित संतराम ने दोनों को सख्त सजा देने और जेल भेजने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *