CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने लगी हैं। बस्तर संभाग सहित प्रदेश के कई इलाकों में बारिश का दौर शुरू हो गया है, जबकि रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और राजनांदगांव जैसे मध्य क्षेत्रों में लोग अब भी भीषण गर्मी और उमस से परेशान हैं। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाएं, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई है।![]()
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रायपुर में शनिवार को आसमान में बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि उमस और गर्म हवाओं के कारण लोगों को अभी भी राहत मिलने के आसार कम हैं।
प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई है। ओडगी में 5 सेंटीमीटर, कुआकोंडा में 4 सेंटीमीटर और बड़े बचेली में 3 सेंटीमीटर वर्षा हुई है। वहीं सुकमा, बलरामपुर, तोंगपाल, कांसाबेल और मनोरा में 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा चिरमिरी, गादीरास और छिंदगढ़ में भी वर्षा हुई है।
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि छत्तीसगढ़ में लगातार नमी का प्रवाह बना हुआ है और विशेष रूप से बस्तर क्षेत्र में वर्षा गतिविधियां बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि मानसून के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं और विभाग लगातार मौसम की निगरानी कर रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए हालात और अधिक अनुकूल हो सकते हैं। मानसून मध्य अरब सागर, गोवा, महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण का प्रभाव भी प्रदेश के मौसम पर देखने को मिल रहा है।


