CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से चक्रवात मोन्था के प्रभाव से लगातार बारिश हो रही थी, जिससे कई जिलों में किसानों को भारी नुकसान हुआ है। शुक्रवार को कवर्धा जिले में हुई तेज बारिश से खेतों में पहले से कटी हुई फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गईं। नुकसान देखकर एक किसान खेत में ही टूटकर गिर पड़ा, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे संभाला।
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात मोन्था अब कमजोर पड़ गया है, जिसके चलते आज से मौसम सामान्य रहने के आसार हैं। विभाग ने अब किसी भी जिले के लिए बारिश या तूफान को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया है।

पिछले 24 घंटों का हाल
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में साल्हेवारा में सबसे ज्यादा 80 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, बिलासपुर में अधिकतम तापमान 30.6°C और पेंड्रा में न्यूनतम तापमान 19.6°C रिकॉर्ड किया गया।’

अक्टूबर में अब तक 59% ज्यादा बारिश
छत्तीसगढ़ से मानसून 15 अक्टूबर तक लौट चुका है, जबकि आधिकारिक तौर पर मानसून सीजन 30 सितंबर तक माना जाता है। फिर भी अक्टूबर महीने में 1 से 26 तारीख तक 89.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य औसत 56.2 मिमी होती है। यानी इस साल औसत से 59% ज्यादा वर्षा हुई है।
